Top News

कोरबा: एकलव्य आवासीय स्कूल में फूटा गुस्सा, छात्रों ने रोकी विधायक की गाड़ी! कीड़े वाला खाना और एक्सपायरी दवाओं के लगे गंभीर आरोप

 


डिजिटल डेस्क | राष्ट्र भास्कर

कोरबा/कटघोरा: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय में कल दिनांक 27 जुलाई सोमवार को स्थिति उस समय बेकाबू हो गई, जब छात्रों और अभिभावकों के सब्र का बांध टूट पड़ा। शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर लौट रहे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ियों का काफिला छात्रों ने बीच सड़क पर रोक लिया।

आक्रोशित छात्रों और उनके परिजनों ने प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर गंभीर धांधली के आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की पुरजोर मांग की।

थाली में कीड़े, एक्सपायरी दूध और गंदा पानी!

छात्रों ने जनप्रतिनिधियों के सामने स्कूल की बदहाली और प्राचार्य की मनमानी का कच्चा चिट्ठा खोलकर रख दिया:

कीड़े वाला भोजन: छात्रों का आरोप है कि उन्हें हर दिन बेहद घटिया और अस्वास्थ्यकर खाना परोसा जाता है। यहाँ तक कि बरसात के गंदे पानी से भोजन पकाया जाता है और थाली में अक्सर कीड़े निकलते हैं।

तारीख मिटाकर दिया जा रहा सामान: प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने एक्सपायरी डेट के दूध के पैकेट और खाद्य सामग्री दिखाई, जिन पर छपी तारीखों को मिटाया गया था।

सेहत से खिलवाड़: स्किन इन्फेक्शन और एक्सपायरी दवाएं!

स्कूल के हॉस्टल में रह रहे बच्चों की स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल बेहद भयावह है:

छात्रों की व्यथा:

"स्कूल में कई बच्चे खाज-खुजली और गंभीर त्वचा संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन इलाज के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति होती है। हद तो तब हो गई जब इलाज के नाम पर बच्चों को एक्सपायरी डेट की दवाएं थमाई जा रही हैं।"

अभिभावक परेशान, शिक्षकों की मारपीट में छात्र हुए घायल

पेरेंट्स मीटिंग के नाम पर प्रताड़ना: अभिभावकों का कहना है कि 240 छात्रों के परिजनों को अलग-अलग दिनों में मीटिंग के लिए बुलाया जाता है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। वहीं, बच्चों को बाहर से जरूरत का सामान लाने पर भी पाबंदी लगा दी गई है।

शिक्षकों का विवाद और एफआईआर: परिजनों ने खुलासा किया कि हाल ही में स्कूल के दो शिक्षकों के बीच जमकर मारपीट हुई थी, जिसकी चपेट में आकर कुछ निर्दोष छात्र भी घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।

विधायक सख्त: सहायक आयुक्त को जांच और तत्काल कार्रवाई के निर्देश

छात्रों का आक्रोश और ठोस सबूत देखने के बाद विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर ही मौजूद सहायक आयुक्त को कड़ी फटकार लगाई।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी समस्याओं का तुरंत समाधान निकालने के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि "छात्रों की सेहत, शिक्षा और सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।"

Post a Comment

Previous Post Next Post

राष्ट्र भास्कर न्यूज की ओर से स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं

Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

अभिनंदन लिट्टी चोखा, चौपाटी बांकी मोगरा

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume