Top News

दर्दनाक हादसा: बिस्तर पर छिपा बैठा था जहरीला करैत, डसने से 6 साल की मासूम की मौत


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के आमाखोखरा गांव में सोते समय 6 साल की बच्ची सान्वी कंवर को जहरीले करैत सांप ने डस लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

दर्द से चिल्लाई मासूम, परिजनों ने समझा कीड़ा काटा

आमाखोखरा निवासी किरण सिंह (मजदूर व किसान) का परिवार रात में खाना खाने के बाद सोने चला गया था। सान्वी अपने पिता के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि मां और दूसरा बच्चा अलग कमरे में थे।

रात करीब 1 बजे करैत सांप ने सान्वी के कान और हाथ पर दो बार डसा। बच्ची के जोर से चिल्लाने पर परिजनों की नींद खुली। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी साधारण कीड़े ने काटा है, लेकिन जैसे ही सर्पदंश के लक्षण दिखने लगे, परिजन तुरंत उसे कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

बच्ची की बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज तो शुरू हुआ, लेकिन जहर पूरी तरह फैल जाने के कारण डॉक्टर बच्ची की जान नहीं बचा सके।

बिस्तर में ही लिपटा मिला करैत सांप

घटना के बाद परिजनों को लगा कि सांप डसकर बाहर निकल गया होगा। लेकिन बाद में जब ध्यान से देखा गया तो करैत सांप उसी बिस्तर पर लिपटा बैठा था। पिता किरण सिंह के अनुसार, सांप संभवतः पहले से ही बिस्तर पर मौजूद था, लेकिन अंधेरा होने के कारण नजर नहीं आया।

⚠️ स्नेक कैचर की सलाह: बारिश में रखें विशेष सावधानी

स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी के अनुसार, बारिश के दिनों में सांप सूखी और गर्म जगह की तलाश में अक्सर घरों में घुस आते हैं।

मच्छरदानी का प्रयोग करें: सोते समय हमेशा मच्छरदानी लगाएं।

सफाई रखें: घर के आसपास झाड़ियां और कबाड़ न जमने दें।

झाड़-फूंक से बचें: सर्पदंश होने पर समय गंवाए बिना सीधे नजदीकी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरी इलाज कराएं।

Post a Comment

أحدث أقدم
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume