Top News

अपडेट– घुड़देवा में 30 वर्षीय युवक की मौत से सनसनी, परिजनों ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को बताया संभावित वजह

 

बांकीमोंगरा। थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा बस्ती में 30 वर्षीय युवक धीरपाल पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। युवक के कमरे में उसका शव मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।

परिजनों के मुताबिक धीरपाल रोजी-मजदूरी का काम करता था और देर से उठने का आदी था। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से देखने पर कमरे के अंदर धीरपाल के मृत अवस्था में होने की जानकारी हुई।

बताया गया कि धीरपाल को काफी समय पहले हुए एक सड़क हादसे में पैर में चोट लगी थी, जिसके बाद पैर में रॉड लगी हुई थी। परिजनों के अनुसार पैर में तकलीफ बनी रहने की जानकारी सामने आई है। परिवार का कहना है कि घर में किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था। ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया होगा, ऐसा परिजनों का अनुमान है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

मृतक के बड़े भाई कृपाल सिंह पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश केंवट के माध्यम से बांकीमोंगरा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume