कोरबा/बांकीमोंगरा। डेली मार्केट स्थित सुलभ शौचालय की हालत अब केवल बदहाली तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यहां की जर्जर छत लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार छत इतनी खराब स्थिति में पहुंच चुकी है कि उसका कोई हिस्सा कभी भी गिर सकता है।
रोजाना सैकड़ों लोग इस शौचालय का उपयोग करते हैं। ऐसे में जर्जर छत के नीचे प्रवेश करना लोगों के लिए किसी जोखिम से कम नहीं है। खतरे के बावजूद मजबूरी में नागरिक इसका इस्तेमाल कर रहे हैं, क्योंकि आसपास सार्वजनिक शौचालय की पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर छत की मरम्मत या उसे सुरक्षित तरीके से हटाकर नई व्यवस्था नहीं की गई, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर बाजार में आने वाले महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
सुलभ शौचालय की जर्जर छत, टूटे दरवाजे, पानी की कमी और सफाई व्यवस्था की समस्या को लेकर युवा पत्रकार विकास सोनी ने नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में तत्काल निरीक्षण कराकर जर्जर छत को सुरक्षित कराने, भवन की मरम्मत, पानी एवं साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है।
मामला सीधे आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा है। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि नगर पालिका प्रशासन किसी हादसे का इंतजार करता है या फिर हादसे से पहले ही इस जानलेवा स्थिति पर कार्रवाई करता है।




إرسال تعليق