बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा का 18 अगस्त का जन्मदिन इस बार केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नगर के अलग-अलग हिस्सों में दिनभर उत्सव का माहौल देखने को मिला। कहीं मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया, तो कहीं महिलाओं और वार्डवासियों ने केक काटकर खुशियां मनाईं। पालिका कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों ने सम्मान किया, वहीं विभिन्न वार्डों और चौक-चौराहों पर समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने पुष्पगुच्छ, शॉल-श्रीफल और आतिशबाजी के साथ जन्मदिन की बधाई दी।
मातारानी के दरबार से हुई दिन की शुरुआत
जन्मदिन के अवसर पर श्रीमती सोनी विकास झा ने सबसे पहले बांकीमोंगरा मुख्य चौक स्थित मां सिद्धिदात्री मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मातारानी के दर्शन कर नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर में मां सिद्धिदात्री सेवा समिति की ओर से केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों, महिलाओं और श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।
इसके बाद पालिका अध्यक्ष दर्री स्थित प्रसिद्ध भवानी मंदिर पहुंचीं और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
वार्ड नंबर-2 में महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह
जन्मदिन समारोह का अगला पड़ाव वार्ड क्रमांक 2 रहा। यहां श्रीमती गौरी केंवट, शारदा यादव एवं कविता यादव के नेतृत्व में महिलाओं ने पालिका अध्यक्ष का स्वागत किया और केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। महिलाओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पालिका कार्यालय में शॉल-श्रीफल से सम्मान
नगर पालिका परिषद कार्यालय में भी जन्मदिन को लेकर विशेष उत्साह नजर आया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने केक काटकर श्रीमती सोनी विकास झा को बधाई दी। इस दौरान उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
कटाईनार से घुड़देवा तक गूंजा जन्मदिन का जश्न
वार्ड क्रमांक 14 कटाईनार-2 में पार्षद श्रीमती रंभा हेम सिंह कंवर के नेतृत्व में वार्डवासियों ने जन्मदिन मनाया। वहीं वार्ड क्रमांक 17 घुड़देवा में पार्षद पति पवन गुप्ता के नेतृत्व में लोगों ने केक काटकर पालिका अध्यक्ष को बधाई दी।
वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार-1 में दुर्गेश महंत के निवास पर भी केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान श्रीमती सोनी विकास झा को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
गेवरा बस्ती में बाजे-गाजे के साथ स्वागत
गेवरा बस्ती में भाजपा मंडल महामंत्री विकेश झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने जन्मदिन को खास बनाया। बाजे-गाजे के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर पालिका अध्यक्ष का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बांकीमोंगरा चौक पर आतिशबाजी ने बांधा समां
दिनभर चले कार्यक्रमों का समापन बांकीमोंगरा चौक पर उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रकाश झा, नकूल पटेल, देव राजपूत, दुर्गेश महंत, लक्ष्मी मानिकपुरी एवं धीरेंद्र कुमार सहित युवा साथियों ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। आतिशबाजी के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर पालिका अध्यक्ष का स्वागत किया गया।
“स्नेह और आशीर्वाद के लिए नगरवासियों का आभार”
दिनभर अलग-अलग स्थानों पर मिले स्नेह और शुभकामनाओं से अभिभूत पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, महिलाओं, अधिकारी-कर्मचारियों एवं युवा साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि नगरवासियों का स्नेह और विश्वास उनके लिए प्रेरणा है। सभी के सहयोग और मार्गदर्शन के साथ बांकीमोंगरा नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को गति देने और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
जन्मदिन के अवसर पर सुबह मंदिरों में आस्था और प्रार्थना से शुरू हुआ सिलसिला देर शाम तक स्वागत, केक, शुभकामनाओं और आतिशबाजी के बीच चलता रहा। पूरे दिन बांकीमोंगरा के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।








إرسال تعليق