Top News

डेली मार्केट के निर्माण में देरी पर विपक्ष का हमला, नेता प्रतिपक्ष ने CMO को सौंपा पत्र — “आखिर कब तक परेशान होंगे फुटकर व्यापारी?”

बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा के डेली सब्जी मार्केट के निर्माण कार्य में हो रही कथित देरी को लेकर अब विपक्षी पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है। डेली मार्केट को जल्द से जल्द पुनर्निर्मित एवं व्यवस्थित रूप से तैयार कराने की मांग को लेकर नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के नेतृत्व में विपक्षी पार्षदों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को पत्र सौंपकर तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।


विपक्ष का आरोप है कि पालिका प्रशासन द्वारा डेली सब्जी मार्केट को जल्द निर्माण कराने का आश्वासन देकर खाली कराया गया और पुरानी मार्केट को तोड़ दिया गया, लेकिन करीब 3 से 4 महीने बीतने के बाद भी निर्माण स्थल पर अब तक एक ढेला तक नहीं लगा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी उन फुटकर व्यापारियों को उठानी पड़ रही है, जिन्होंने पालिका के आश्वासन पर अपनी पुरानी जगह खाली कर दी थी।

“तोड़ने में जल्दबाजी, बनाने में क्यों इतनी देरी?”

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद, पार्षद तेजप्रताप सिंह एवं राकेश अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका द्वारा बिना स्पष्ट कार्ययोजना के सब्जी मार्केट को तोड़ दिया गया। जब निर्माण की बारी आई तो अब लगातार समय दिए जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जनता और व्यापारियों को कब तक इंतजार करना पड़ेगा?

उन्होंने कहा कि मार्केट को जिस तेजी से खाली कराया गया, यदि उसी गति से निर्माण कार्य भी शुरू कराया जाता तो आज व्यापारियों और आम लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने पालिका प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

100 से अधिक परिवारों की रोजी-रोटी इसी बाजार से जुड़ी

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि बांकी मोंगरा क्षेत्र में डेली मार्केट एक प्रमुख और महत्वपूर्ण बाजार है, जहां क्षेत्र की बड़ी आबादी रोजमर्रा की सब्जी एवं अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए निर्भर है। वहीं प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 100 से अधिक परिवारों की आजीविका इस बाजार से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन द्वारा डेली सब्जी मार्केट के जीर्णोद्धार का कार्य जल्द शुरू कराकर पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। इसी भरोसे में फुटकर व्यापारियों ने अपनी पुरानी जगह खाली कर छोटी सी जगह में आपसी समन्वय से अस्थायी रूप से व्यापार शुरू किया। लेकिन अब महीनों गुजर जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।

बारिश के बीच छोटे से स्थान पर व्यापार करने मजबूर व्यापारी

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान में फुटकर व्यापारी बेहद सीमित और असुविधाजनक जगह में अपना कारोबार करने को मजबूर हैं। ऊपर से बारिश के मौसम ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ग्राहकों को भी परेशानी होती है और व्यापारियों को भी रोजाना अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि “जब व्यापारियों से जगह खाली कराने में पालिका प्रशासन ने जल्दबाजी दिखाई, तो निर्माण कार्य शुरू करने में इतनी देरी क्यों?”

उन्होंने कहा कि जनता और व्यापारियों को लगातार आश्वासन देने के बजाय अब धरातल पर काम दिखाई देना चाहिए। विपक्ष ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि डेली मार्केट के जीर्णोद्धार का कार्य तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।


इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष संजय आजाद, पार्षद तेजप्रताप सिंह, राकेश अग्रवाल, तालिका साहू, संदीप डहरिया, हेमंत साहनी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं साथी उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم

राष्ट्र भास्कर न्यूज की ओर से स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं

Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

अभिनंदन लिट्टी चोखा, चौपाटी बांकी मोगरा

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume