छत्तीसगढ़ / नवा रायपुर अटल नगर:
कटघोरा नगर पालिका परिषद में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की कांस्य प्रतिमा निर्माण कार्य में बरती गई घोर लापरवाही और गंभीर अनियमितताओं पर शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय (छ.ग.) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप अभियंता (Sub-Engineeer) श्री चंद्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
🔍 जांच रिपोर्ट में हुआ खुलासा: परत उखड़ी, मानकों की उड़ाई गईं धज्जियां
संचालनालय द्वारा जारी आदेश (क्रमांक: ESTB-1024/1248/2026-UAD SEC 5021) के अनुसार, संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर की जांच रिपोर्ट (पत्र क्रमांक 1087, दिनांक 29.07.2026) में कटघोरा के 'अटल परिसर' में स्थापित प्रतिमा के निर्माण में भारी कमियां पाई गईं:
📌 प्राक्कलन के विपरीत कार्य: प्रतिमा का निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के प्रावधानों के अनुसार नहीं किया गया।
📌 खराब गुणवत्ता और क्षति: कांस्य प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने लगी थी और यह लगातार क्षतिग्रस्त हो रही थी।
📌 मानकों की अनदेखी: निर्मित प्रतिमा निर्धारित कांस्य (Bronze) मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई।
जांच में स्पष्ट हुआ कि निर्माण प्रक्रिया और अपनी पदस्थापना के दौरान उप अभियंता चंद्र प्रकाश जायसवाल ने अपने पदीय कर्तव्यों का घोर उल्लंघन किया है।
⚖️ नियम 53 के तहत निलंबन की गाज।
उप अभियंता जायसवाल के उक्त कृत्य को गंभीर कदाचार मानते हुए विभाग ने छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) नियम, 1968 के नियम 53 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
📍 दुर्ग भेजा गया मुख्यालय (Headquarters)
नया मुख्यालय: निलंबन की पूरी अवधि के दौरान श्री जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग नियत किया गया है।
जीवन निर्वाह भत्ता: निलंबन काल के दौरान नियमानुसार उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) ही देय होगा।
संपादकीय टिप्पणी: महापुरुषों की प्रतिमाओं के निर्माण कार्य में इस तरह की लापरवाही और घटिया सामग्री का इस्तेमाल शासन की छवि को धूमिल करता है। संचालनालय द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई से विभाग के अन्य अधिकारियों को भी कड़ा संदेश गया है।


Post a Comment