Top News

अपडेट :– मौत के बाद सड़क पर मचा हंगामा: अरदा के दो युवकों की जान गई, 5 घंटे तक थमा रहा बांकीमोंगरा मार्ग


बांकीमोंगरा। देर रात बांकीमोंगरा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम अरदा के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर करीब पांच घंटे तक मार्ग पर चक्काजाम रहा। रात करीब 12 बजे प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो सका।

बताया जा रहा है कि अरदा निवासी सूर्या भवन तंवर और राजू पटेल बाइक से बांकीमोंगरा की ओर निकले थे। इसी दौरान सुराकछार-बांकीमोंगरा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक CG 04 JB 5380 की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि सूर्या भवन तंवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


वहीं राजू पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए कटघोरा ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना में एक गाय के भी ट्रक की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।

दो मौतों के बाद सड़क पर जुटी भीड़

हादसे की खबर फैलते ही अरदा सहित आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। भारी वाहनों के पहिए थमने से मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कटघोरा तहसीलदार, दर्री सीएसपी के साथ बांकीमोंगरा, कुसमुंडा, दीपका, कटघोरा और हरदीबाजार पुलिस की टीमों को मौके पर तैनात किया गया


बातचीत और आर्थिक सहायता के बाद माने परिजन

काफी देर तक अधिकारियों और मृतकों के परिजनों के बीच चर्चा चलती रही। प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को तत्काल 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अलावा वाहन मालिक की ओर से भी 25-25 हजार रुपये प्रति परिवार की तत्काल सहायता प्रदान की गई।


अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि दुर्घटना से संबंधित नियमानुसार मिलने वाली मुआवजा राशि भी पात्रता के आधार पर परिवारों को दिलाई जाएगी। आश्वासन और आर्थिक सहायता मिलने के बाद परिजन चक्काजाम समाप्त करने के लिए सहमत हुए।


ट्रक जब्त, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक क्रमांक CG 04 JB 5380 को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।

दोनों मृतकों के शव कटघोरा अस्पताल की मर्च्युरी में रखे गए हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे।

चक्काजाम समाप्त होने के बाद पुलिस और ट्रैफिक टीम ने सड़क पर खड़े वाहनों को क्रमबद्ध तरीके से रवाना कराया। इसके बाद देर रात मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post

राष्ट्र भास्कर न्यूज की ओर से स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं

Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

अभिनंदन लिट्टी चोखा, चौपाटी बांकी मोगरा

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume