Top News

बांकीमोंगरा में चरमराई विद्युत व्यवस्था पर भड़के जनप्रतिनिधि: अधिकारियों को पैदल घुमाकर दिखाई गई बदहाली, 15 दिनों में सुधार का अल्टीमेटम

 


बांकीमोंगरा/कोरबा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में लगातार लचर हो चुकी विद्युत आपूर्ति और बिजली विभाग की लापरवाहियों के खिलाफ अब जनप्रतिनिधि और नगर पालिका नेतृत्व पूरी तरह आक्रामक हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के नेतृत्व में शुक्रवार को पालिका कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसके बाद अधिकारियों को सीधे मैदानी हकीकत से रूबरू कराया गया।

अधिकारियों को मुख्य चौकों पर पैदल घुमाकर कराई गई गलतियों की पड़ताल
बैठक के बाद मामला सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहा। नगर पालिका अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बांकी क्षेत्र के मुख्य चौकों और विभिन्न वार्डों में पैदल भ्रमण कराया। इस दौरान अधिकारियों को जर्जर विद्युत तारों, खतरनाक ढंग से झुके खंभों, खराब ट्रांसफार्मरों और पेड़ों की डालियों से उलझे तारों की जमीनी हकीकत दिखाई गई, ताकि वे क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और अपनी कार्यप्रणाली की त्रुटियों से भली-भांति अवगत हो सकें।

15 दिनों के भीतर सुधार का लिखित आश्वासन और बिंदुओं पर कड़ा पत्र

बैठक के दौरान विद्युत संबंधित विभिन्न समस्याओं को रेखांकित करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन/पत्र सौंपा गया। कड़े रुख को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों ने 15 दिनों के अंदर सभी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण का लिखित आश्वासन दिया है। इस सहमति पत्र पर विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित बैठक में उपस्थित समस्त पदाधिकारीगण और जनप्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए हैं।


बैठक में इन प्रमुख मुद्दों पर हुई चर्चा

बार-बार बिजली गुल होने और अघोषित बिजली कटौती की समस्या।

जर्जर हो चुके विद्युत तार और खतरनाक स्थिति वाले खंभे।

खराब ट्रांसफार्मरों को बदलना और क्षमता वृद्धि करना।

सुरक्षा की दृष्टि से बिजली के तारों के पास फैली पेड़ों की टहनियों की छंटाई।

विकास झा बोले- जल्द मिलेगा क्षेत्रवासियों को लाभ


भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व कोषाध्यक्ष विकास झा ने इस पहल पर कहा कि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के नेतृत्व में क्षेत्र की बिजली समस्याओं के समाधान को लेकर यह ऐतिहासिक और निर्णायक कदम उठाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस संयुक्त प्रयास और अधिकारियों की जवाबदेही तय होने से क्षेत्रवासियों को जल्द ही सुचारू बिजली व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

प्रमुख अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

बैठक और स्थल निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अधीक्षण अभियंता राजकुमार सोनकर (कोरबा), कार्यपालन अभियंता राजेश कुमार चौहान (नगर संभाग), सहायक अभियंता भगत राम कंवर, लाइनमैन गोविंद सोनवानी समेत बिजली विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर नगर पालिका सीएमओ, उपाध्यक्ष, सभी वार्डों के पार्षदगण, पीआईसी सदस्य, एल्डरमैन, सांसद प्रतिनिधि, नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस एवं भाजपा के तमाम वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहकर क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाया।








Post a Comment

Previous Post Next Post

राष्ट्र भास्कर न्यूज की ओर से स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं

Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

अभिनंदन लिट्टी चोखा, चौपाटी बांकी मोगरा

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume