Top News

दीपावली मिलन समारोह में दिखी भाजपा की संगठनात्मक एकजुटता, प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता


बांकी मोंगरा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के बांकी मोंगरा में रविवार को भाजपा का दीपावली मिलन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शक्ति चौक स्थित मिश्रा मैरिज पैलेस में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला।


समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। दीपावली के उल्लास के बीच आयोजित इस मिलन समारोह ने कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे से मिलने और संगठनात्मक संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती, आपसी तालमेल और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं, जिनकी मेहनत और सक्रियता से संगठन निरंतर आगे बढ़ता है।



वहीं विधायक प्रेमचंद पटेल ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी वरिष्ठजनों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह, सहयोग और समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे आयोजन न केवल आपसी मेल-मिलाप का माध्यम बनते हैं, बल्कि संगठन में नई ऊर्जा और एकजुटता का संचार भी करते हैं।


समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में उत्साह, सौहार्द और संगठनात्मक एकता का माहौल देखने को मिला।


दीपावली मिलन के बहाने भाजपा ने बांकी मोंगरा में कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, समन्वय और एकजुटता का संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume