CMHO से फोन पर की सीधी बात, MBBS डॉक्टर से लेकर नाइट शिफ्ट स्टाफ, वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने उठाई मांग
बांकीमोंगरा। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर स्थानीय स्तर पर सवाल खड़े होने लगे हैं। गुणवत्ता के मामले में NQAS का प्रमाणपत्र हासिल करने वाले मोंगरा उप स्वास्थ्य केंद्र में जब नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा औचक निरीक्षण करने पहुंचीं, तो कागजों पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर और जमीनी हकीकत के बीच कई कमियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं, उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं और कर्मचारियों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान MBBS डॉक्टर की कमी, रात में मरीजों की देखभाल के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं होना, वार्ड बॉय की अनुपलब्धता और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं होने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए।
सबसे बड़ा सवाल रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठा। आखिर रात के वक्त किसी मरीज की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार की जिम्मेदारी कौन संभालेगा? जब स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त चिकित्सकीय अमला ही उपलब्ध नहीं होगा, तो आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को राहत कैसे मिलेगी? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका समाधान जरूरी है।
CMHO को फोन लगाकर बताई स्वास्थ्य केंद्र की हकीकत
मौके पर सामने आई कमियों को लेकर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सूर्य नारायण केशरी से फोन पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग रखी।
पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से MBBS डॉक्टर की नियुक्ति, नाइट शिफ्ट में पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती, वार्ड बॉय की व्यवस्था और स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा के लिए गार्ड उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि क्षेत्र के लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों की दौड़ न लगानी पड़े और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सके।
NQAS की उपलब्धि तभी सार्थक, जब मरीजों को मिले बेहतर उपचार
मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र का NQAS (National Quality Assurance Standards) के तहत क्वालिफाई होना निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता केवल भवन, उपकरण और प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, रात्रिकालीन चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था भी उतनी ही जरूरी है।
अब पालिका अध्यक्ष के निरीक्षण और CMHO से हुई चर्चा के बाद स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा, ताकि मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र वास्तव में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का भरोसेमंद केंद्र बन सके।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के साथ विकास झा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, प्रमोद सोना, श्रवण कुमार, श्रीमती प्रमिला सायतोड़े एवं श्रीमती रम्भा हेम सिंह कंवर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Post a Comment