Top News

घर सूना पाकर चोरों ने मकान को बनाया निशाना, सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत ₹1.35 लाख की चोरी


बांकीमोंगरा
। दीपावली का त्योहार मनाने के बाद अपने गांव जाना एक परिवार को भारी पड़ गया। घर में ताला लगाकर गांव गए परिवार के वापस लौटने पर मकान के सामने वाले दरवाजे का नीचे का हिस्सा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य सामान गायब थे। अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 1 लाख 35 हजार रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गुलाब सिंह राठिया, पिता रंगू राम राठिया, उम्र 44 वर्ष, निवासी गजरा कॉलोनी दीपावली मनाने के बाद दिनांक 9 नवंबर को अपने गांव रायगढ़ जिले के घरघोड़ा गए हुए थे। 11 नवंबर की शाम जब वे वापस अपने घर लौटे तो सामने के दरवाजे का लॉक टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखे सोने का हार, सोने के टॉप्स, सोने का लॉकेट, चांदी की पायल, करीब 5 हजार रुपये नकद, कांसे की गुंडी और कांसे का लोटा गायब मिले।


प्रार्थी के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये है। घटना की शिकायत थाना बांकीमोंगरा में दर्ज कराई गई है।

थाना प्रभारी राम कुमार साव ने दर्ज किया अपराध

मामले में थाना प्रभारी राम कुमार साव ने प्रार्थी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस की ओर से जल्द ही अज्ञात चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया गया है।

लगातार चोरी की घटनाओं से उठ रहे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, चोरी के मामलों में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार पुलिस अज्ञात चोरों तक पहुंचकर चोरी गए सामान की बरामदगी कर पाएगी, या फिर पीड़ित परिवार को भी केवल आश्वासन से ही संतोष करना पड़ेगा? क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume