Top News

अस्पताल से लापता नवप्रसूता की तलाश रही बेनतीजा, अगले दिन जेंजरा में मिला शव


कोरबा/कटघोरा। कटघोरा थाना क्षेत्र में एक नवप्रसूता की मौत का मामला सामने आया है। प्रसव के बाद अस्पताल में भर्ती नवजात को छोड़कर महिला अचानक लापता हो गई थी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। अगले दिन जेंजरा मेन रोड के पास महिला का शव मिलने से परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम छुरीकला निवासी कविता केंवट को प्रसव के लिए 10 सितंबर को जेंजरा स्थित जीवांश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद नवजात की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल के विशेष निगरानी वार्ड में रखा गया था।


बताया जा रहा है कि सोमवार रात कविता किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज थी। इसके बाद वह अस्पताल से अचानक बाहर चली गई। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रातभर अस्पताल, आसपास के इलाकों और परिचितों के बीच खोजबीन की गई। महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा कर लोगों से भी जानकारी देने की अपील की गई।

मेन रोड के पास मिला शव

मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे जेंजरा मेन रोड के पास ग्रामीणों की नजर एक पेड़ से लटके महिला के शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर सरपंच और पुलिस को जानकारी दी गई। कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पहचान किए जाने पर शव अस्पताल से लापता कविता केंवट का निकला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर परिजनों से पूछताछ सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसे लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जांच पूरी होने के बाद ही संभव होगा।

अस्पताल में भर्ती है नवजात

घटना के बाद परिवार के सामने सबसे मार्मिक स्थिति यह है कि कविता का नवजात अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। बच्चे की हालत और उपचार को लेकर अस्पताल स्तर पर निगरानी जारी है। वहीं, मां की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume