रानी झरना से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे दोनों युवक, रूमगरा के पास हुआ दर्दनाक हादसा; बालको पुलिस जांच में जुटी
कोरबा/छत्तीसगढ़। कोरबा जिले के रूमगरा के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम तेलसरा निवासी राजा यादव उर्फ गोलू की जान चली गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार बलराम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पिकनिक से लौटते वक्त काल बनकर आया ट्रेलर
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तेलसरा निवासी राजा यादव उर्फ गोलू, पिता स्वर्गीय रुपसाय यादव, अपने साथी बलराम चौहान के साथ रानी झरना में पिकनिक मनाने गए थे। दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान अजगरबहार क्षेत्र के रूमगरा के समीप उनकी बाइक ट्रेलर क्रमांक CG-04-PB-8803 की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजा यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बलराम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी
हादसे के बाद घायल बलराम चौहान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, हादसे में राजा यादव की मौत से परिजनों और परिचितों में दुख का माहौल है।
बालको पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद बालको पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Post a Comment