पोर्टल चालू नहीं हुआ तो खाद्य कार्यालय में होगा उग्र आंदोलन, CM और खाद्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी
बांकी मोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा में पिछले एक-दो महीने से राशन कार्ड बनने का पोर्टल बंद होने से आम लोगों की बढ़ती परेशानी अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन जमा करने के बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने और बार-बार नए नियम बताए जाने से नाराज नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने जिला खाद्य अधिकारी, कोरबा को पत्र लिखकर तत्काल पोर्टल चालू कराने की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने खाद्य विभाग को तीन दिवस का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्षदों और आमजनों के साथ खाद्य कार्यालय में उग्र एवं अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्होंने कोरबा जिले में मुख्यमंत्री अथवा खाद्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाकर विरोध करने की चेतावनी भी दी है।
“राशन कार्ड के लिए जनता कब तक भटकती रहेगी?”
मधुसूदन दास ने कहा कि खाद्य विभाग से जुड़ी कई समस्याएं क्षेत्र में बनी हुई हैं, लेकिन वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या राशन कार्ड नहीं बनना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक-दो महीने से आम नागरिक राशन कार्ड के लिए परेशान हो रहे हैं। लोगों ने आवेदन जमा कर दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोज नए नियम-कायदों का हवाला देकर भटकाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राशन कार्ड कोई सुविधा नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए खाद्य सुरक्षा से जुड़ा मूलभूत अधिकार है। इसके लिए लोगों को इस तरह कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
“पहले टैक्स दो, राशन कार्ड लो... अब राशन कार्ड ही नहीं?”
नेता प्रतिपक्ष ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में भी उनके द्वारा “टैक्स दो, राशन कार्ड लो” जैसी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। अब राशन कार्ड ही नहीं बन पाने से जनता की परेशानी और बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यवस्था में आम नागरिकों को लगातार परेशान होना पड़ रहा है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशन कार्ड बनवाने में लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायतें लगातार पार्षदों तक पहुंच रही हैं।
तीन दिन बाद आंदोलन की चेतावनी
मधुसूदन दास ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि तीन दिवस के भीतर राशन कार्ड पोर्टल चालू कर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सभी साथी पार्षदों और आमजनों के साथ मिलकर खाद्य विभाग के कार्यालय में अनिश्चितकालीन उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। आम लोगों को उनके खाद्य अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।
नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि इसके बाद भी यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो कोरबा जिले में मुख्यमंत्री अथवा खाद्यमंत्री के आगमन के दौरान काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
अब देखना होगा कि नेता प्रतिपक्ष के इस अल्टीमेटम के बाद खाद्य विभाग कितनी जल्दी हरकत में आता है और बांकी मोंगरा के लोगों के लिए बंद पड़ा राशन कार्ड पोर्टल कब तक शुरू हो पाता है।


Post a Comment