Top News

कटघोरा में EOW की बड़ी कार्रवाई, नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप के ठिकानों पर एक साथ दबिश


DMF घोटाले से जुड़े मामले में दस्तावेजों की जांच और पूछताछ जारी, कांग्रेस शासनकाल के दौरान फंड के कथित दुरुपयोग की जांच से जुड़ी कार्रवाई


कटघोरा (कोरबा)। कोरबा जिले के कटघोरा में गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने एक साथ दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। टीम ने कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केवट के ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ शुरू की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, EOW की टीम गुरुवार सुबह कटघोरा पहुंची। सबसे पहले नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के ठिकाने पर दबिश दी गई। यहां टीम ने मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। इसी दौरान दूसरी टीम ने नगर सैनिक दिलीप केवट के ठिकाने पर भी कार्रवाई की। दोनों स्थानों पर एक साथ जांच और पूछताछ की जा रही है।

DMF घोटाले से जुड़ा मामला

सूत्रों के मुताबिक, EOW की इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए चर्चित DMF (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। DMF फंड के कथित दुरुपयोग और विकास कार्यों के बजाय अन्य मदों में राशि खर्च किए जाने के आरोपों की जांच लंबे समय से चल रही है।

बताया जाता है कि इस मामले में कई अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में रही है। EOW इससे पहले भी इस प्रकरण से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी और जांच की कार्रवाई कर चुकी है।

दस्तावेज खंगाल रही EOW की टीम

गुरुवार को हुई कार्रवाई के दौरान जांच टीम दोनों ठिकानों पर दस्तावेजों को खंगालने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल जांच का दायरा, बरामद दस्तावेजों और किसी संभावित जब्ती को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

इस पूरी कार्रवाई को लेकर EOW की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। जांच में किन तथ्यों का खुलासा हुआ है और संबंधित लोगों की क्या भूमिका सामने आई है, यह आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल कटघोरा में EOW की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume