वाहन स्वामी लक्ष्मी नारायण पटेल बताए गए, शुक्रवार सुबह 4 बजे हुआ हादसा; डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए दोनों युवक।
बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा-सुतर्रा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। शुक्लाखार चौक के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो सड़क से करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 में सवार होकर दो युवक चाकाबुड़ा से बांकीमोंगरा की ओर आ रहे थे। शुक्रवार सुबह लगभग 4 बजे शुक्लाखार चौक से बांकीमोंगरा की ओर कुछ दूरी पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और मुख्य मार्ग के विपरीत दिशा में सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा भिड़ा। वाहन के स्वामी का नाम लक्ष्मी नारायण पटेल बताया गया है।
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि स्कॉर्पियो के दोनों एयरबैग खुल गए, लेकिन इसके बावजूद वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। टक्कर के बाद पहियों सहित कई अन्य हिस्से टूटकर अलग हो गए और वाहन सड़क से लगभग 50 मीटर दूर जाकर पलट गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची डायल 112
दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे घायल युवक का उपचार जारी है।
मृतक चाकाबुड़ा, घायल बुंदेली का निवासी
इस हादसे में मृत युवक की पहचान रूपेश पटेल पिता दिलीप पटेल, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी ग्राम चाकाबुड़ा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान आर्यन गोंड पिता ओम प्रकाश गोंड, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी ग्राम बुंदेली के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तड़के हुए इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। महज 18 वर्ष की उम्र में रूपेश की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




Post a Comment