सार्वजनिक यात्री प्रतीक्षालय पर निजी दुकान का कब्जा! विज्ञापन का जरिया बना सरकारी सुविधा केंद्र
बुधवारी बाजार घुड़देवा टर्निंग पर पहनावा रेडीमेड सेंटर का होर्डिंग लगा, बिना अनुमति विज्ञापन लगाए जाने को लेकर नगर पालिका की भूमिका पर सवाल
बांकी मोंगरा। आम नागरिकों की सुविधा के लिए बनाए गए सार्वजनिक यात्री प्रतीक्षालय अब निजी प्रतिष्ठानों के प्रचार का ठिकाना बनते नजर आ रहे हैं। नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित घुड़देवा टर्निंग के पास बने यात्री प्रतीक्षालय में पहनावा रेडीमेड सेंटर का होर्डिंग लगाए जाने का मामला सामने आया है। इसने सार्वजनिक संपत्ति के इस्तेमाल और नगर पालिका प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण राहगीरों और यात्रियों को धूप, बारिश से राहत देने तथा बैठने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जाता है। लेकिन जब ऐसे सार्वजनिक स्थलों पर निजी दुकानों के प्रचारात्मक होर्डिंग नजर आने लगें, तो उनके मूल उद्देश्य और सार्वजनिक संपत्ति के उपयोग को लेकर सवाल उठना लाजिमी है।
किसकी अनुमति से लगा होर्डिंग?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक यात्री प्रतीक्षालय पर निजी प्रतिष्ठान का विज्ञापन किसकी अनुमति से लगाया गया है? क्या पहनावा रेडीमेड सेंटर ने इसके लिए नगर पालिका परिषद से विधिवत अनुमति प्राप्त की है? यदि अनुमति दी गई है, तो क्या इसके लिए कोई निर्धारित शुल्क जमा कराया गया है? और यदि अनुमति नहीं ली गई है, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?
नगर पालिका की निगरानी पर भी सवाल
सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े परिसरों का रखरखाव और उनके निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित करना नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे में यात्री प्रतीक्षालय पर निजी विज्ञापन लगाए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी, यह भी जांच का विषय है।
अब निगाहें नगर पालिका प्रशासन पर टिकी हैं। देखना होगा कि इस मामले की जांच कर होर्डिंग लगाने की अनुमति और वैधता स्पष्ट की जाती है या फिर सार्वजनिक सुविधाओं का निजी प्रचार के लिए इस्तेमाल यूं ही जारी रहेगा।


Post a Comment