Top News

आस्था, भक्ति और लोकविश्वास का संगम… छठ महापर्व से सराबोर बांकीमोंगरा!

सुमेधा नदी घाट पर भव्य आयोजन, आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगाया छठ घाट | पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने परिवार सहित सूर्य देव को अर्पित किया अर्घ्य, आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा महापर्व।

बांकीमोंगरा। लोक आस्था, अटूट विश्वास और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर रविवार को बांकीमोंगरा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुमेधा नदी, कटाईनार और घुड़देवा नदी स्थित छठ घाटों पर सुबह से ही तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते घाटों पर आस्था, परंपरा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

पारंपरिक छठ गीतों की गूंज, सिर पर दउरा लिए श्रद्धालु, पूजन सामग्री से सजे सूप और दीपों की रोशनी के बीच व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।


सुमेधा नदी घाट पर महागंगा आरती ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

इस वर्ष सुमेधा नदी स्थित छठ घाट पर आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की गई। यहां आयोजित महागंगा आरती आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। ब्राह्मणों एवं पुजारियों द्वारा विधि-विधान से आरती संपन्न कराई गई। मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और दीपों की जगमगाहट के बीच पूरा घाट आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया।

वहीं आकर्षक आतिशबाजी और पटाखों की गूंज ने आयोजन की रौनक में चार चांद लगा दिए। घाट को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, आकर्षक लाइटिंग और सुंदर पंडालों से सजाया गया था। शाम ढलते ही रोशनी से नहाया सुमेधा नदी घाट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।


पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने परिवार सहित की पूजा-अर्चना

छठ महापर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा भी अपने परिवार के साथ सुमेधा नदी छठ घाट पहुंचीं। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी छठी मैया की आराधना की।

पालिका, पुलिस प्रशासन और समाजसेवियों की व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को मिली सुविधा

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा, पालिका अध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन, समाज के प्रमुखों और विभिन्न आयोजन समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घाटों की सजावट, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सामूहिक प्रयास देखने को मिला।

वहीं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से भी सेवा भावना का परिचय देते हुए घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए चाय, बिस्किट, पानी और प्रसाद का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य से व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ आज होगा चार दिवसीय महापर्व का समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह एक बार फिर बांकीमोंगरा के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। व्रती महिलाएं उदीयमान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय कठिन निर्जला व्रत का पारण करेंगी।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर उगते सूर्य की उपासना तक चलने वाला यह महापर्व एक बार फिर बांकीमोंगरा में सामाजिक एकता, पारिवारिक मंगलकामना, सेवा और लोक आस्था की अनुपम तस्वीर पेश कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume