Top News

ब्रेकिंग – कटघोरा बायपास पर भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक रेस्क्यू के बाद रेफर

करीब एक घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, ट्रक काटकर चालक को सुरक्षित निकाला गया; जिला अस्पताल कोरबा किया गया रेफर


कटघोरा/कोरबा।
कटघोरा-जेंजर बायपास मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

टक्कर के बाद केबिन बना ‘फंदा’, करीब एक घंटे चला रेस्क्यू

बताया जा रहा है कि दोनों ट्रक तेज गति से बायपास मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ने से दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी केबिन में फंस गया।

रेस्क्यू के दौरान दूसरे ट्रक को टोचन कर रस्सी की मदद से खींचा गया, जिसके बाद क्षतिग्रस्त केबिन को हटाकर चालक को बाहर निकाला जा सका।

हादसे के बाद बायपास पर लगा लंबा जाम


दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों के सड़क पर होने के कारण बायपास पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के साथ रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया।

गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल रेफर


रेस्क्यू के बाद घायल ट्रक चालक को डायल 112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर बताए जाने पर बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया गया।

तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रक तेज रफ्तार में थे और इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ने से आमने-सामने टक्कर हुई। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने दोनों ट्रकों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डायल 112 और स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। समय पर पहुंची रेस्क्यू टीम और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। उनकी तत्परता से चालक को समय रहते उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume