Top News

धान के खेत में मिली नवजात बच्ची, ग्रामीणों ने बचाई जान; बांकीमोंगरा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से चिंता

 


कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में नवजात बच्ची के लावारिस हालत में मिलने का मामला सामने आया है। ग्राम जवाली-अभयपुर में धान के खेत से नवजात के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बच्ची को खेत में असहाय हालत में देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी और तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा थाना प्रभारी सत्यम साहू के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नवजात को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी निगरानी शुरू की। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक सुबह करीब 4:10 बजे बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया गया था और उसकी सांसें कुछ तेज चल रही थीं।


बेहतर चिकित्सा निगरानी के लिए बच्ची को बाद में जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।

इलाके में नवजात मिलने की तीसरी घटना का दावा

स्थानीय लोगों के अनुसार बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात से जुड़ी यह तीसरी घटना है। इससे पहले कसेंरगा गांव में एक नवजात बालक तथा मनोरंजन मंदिर के पास नाली किनारे एक भ्रूण मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।


ताजा मामले में पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को खेत में किसने छोड़ा और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। मामले की जांच के साथ बच्ची की सुरक्षा और आगे की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume