बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा के बदहाल एसईसीएल गार्डन को लेकर राष्ट्र भास्कर न्यूज द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद इसका असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के महज चंद घंटे बाद ही नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा हरकत में आया और गार्डन परिसर में जमा कचरे की सफाई का काम शुरू कर दिया गया।
जहां कुछ समय पहले तक गार्डन परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए थे और मवेशी कचरे के बीच भोजन तलाशते नजर आ रहे थे, वहीं अब पालिका की सफाई टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कचरा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
खबर में उठाया था गार्डन की बदहाली का मुद्दा
राष्ट्र भास्कर न्यूज ने अपनी खबर में बताया था कि कभी बच्चों की किलकारियों और क्षेत्रवासियों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला यह गार्डन लंबे समय से बदहाली का शिकार है। परिसर में कचरा डाले जाने और नियमित साफ-सफाई नहीं होने से गार्डन की स्थिति लगातार खराब हो रही थी।
खबर में यह भी सवाल उठाया गया था कि जिस स्थान को बच्चों के खेलने, लोगों के टहलने और मनोरंजन के लिए विकसित किया गया था, वो पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया और अब उस जगह पर कचरा डंपिंग स्थल क्यों बनता जा रहा है?
खबर के बाद प्रशासन ने दिखाई तत्परता
समाचार सामने आने के बाद नगर पालिका परिषद की ओर से सफाई कार्य शुरू किया गया। इससे स्थानीय लोगों में भी राहत की उम्मीद जगी है। नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित सफाई और निगरानी होती रहे तो गार्डन को दोबारा उसकी पुरानी पहचान दिलाई जा सकती है।
सिर्फ सफाई नहीं, स्थायी समाधान की जरूरत
हालांकि कचरा हटाने की शुरुआत निश्चित रूप से सकारात्मक कदम है, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग है कि गार्डन में नियमित सफाई, कचरा फेंकने पर रोक, बेहतर रखरखाव और सौंदर्यीकरण की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि कुछ दिनों बाद फिर से वही स्थिति निर्मित न हो।
राष्ट्र भास्कर न्यूज की खबर के बाद हुई कार्रवाई यह बताती है कि जिम्मेदार विभाग तक जनसमस्या को मजबूती से पहुंचाना ही पत्रकारिता की सार्थकता है।


Post a Comment