Top News

स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा बांकीमोंगरा, नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने विभिन्न स्थानों पर किया ध्वजारोहण


कोरबा/बांकीमोंगरा
। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 15 कुधरीपारा में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर तिरंगा फहराया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत कुधरीपारा आंगनबाड़ी केंद्र से हुई। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने हमर क्लीनिक तथा आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-03, शांतिनगर पहुंचकर विधिवत ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन भी किया गया।

बलिदान की विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मधुसूदन दास ने कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और उनके सर्वोच्च बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए देश और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। विशेष रूप से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।


मधुसूदन दास ने आंगनबाड़ी केंद्रों और हमर क्लीनिक जैसी जनहितकारी संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में पार्षद राकेश अग्रवाल


सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। समारोह के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume