Top News

तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, 3 साल की मासूम की मौत; माता-पिता समेत भाई घायल

 


कोरबा, बांगो। पोंड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और एक वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब एक परिवार बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी।

पीछे से आई हाइवा ने मारी जोरदार टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेमलता पोर्ते, तीन वर्षीय बेटी स्नेहा पोर्ते और एक वर्षीय बेटे इसरस्तम के साथ बाइक से रावा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हाइवा के अगले हिस्से में फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार पूरा परिवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

मौके पर मची चीख-पुकार, मासूम ने तोड़ा दम

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और घटना की सूचना पुलिस व आपातकालीन सेवा को दी। हादसे में तीन वर्षीय स्नेहा पोर्ते को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं राम कुमार पोर्ते, उनकी पत्नी प्रेमलता और एक वर्षीय मासूम बेटे को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पौड़ी उपरोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद हाइवा छोड़कर भागा चालक

घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने हाइवा किया जब्त, चालक की तलाश

सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की परिस्थितियों, वाहन की रफ्तार और चालक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक मासूम की मौत और एक ही परिवार के तीन लोगों के घायल होने से इलाके में शोक का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume