संवाददाता — दीपक अग्रवाल
अब एक क्लिक पर मिलेगी जब्त सामान की जानकारी, आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ थाना
कोरबा, 24 सितंबर। शहर की कानून-व्यवस्था से जुड़ी पुलिसिंग व्यवस्था में गुरुवार को एक अहम बदलाव देखने को मिला। वर्षों पुराने सिटी कोतवाली भवन की जगह अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया थाना भवन तैयार हो गया है। इसी के साथ थाना परिसर में ई-मालखाना भी शुरू किया गया है, जिससे प्रकरणों में जब्त माल-मशरूका के रिकॉर्ड को डिजिटल स्वरूप दिया गया है। नवीन भवन का लोकार्पण उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन एवं बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने वर्चुअल माध्यम से किया।
1995 के भवन से नए दौर की पुलिसिंग तक
सिटी कोतवाली का पुराना भवन वर्ष 1995 में निर्मित हुआ था। करीब तीन दशक तक इसी भवन से शहर की पुलिसिंग संचालित होती रही। समय के साथ पुलिसिंग का स्वरूप बदलने और बढ़ती जरूरतों के बीच अब कोतवाली को नया भवन मिला है।
छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के सहयोग से निर्मित नए भवन में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ थाना आने वाले नागरिकों की सुविधा को भी ध्यान में रखा गया है।
मालखाने की पुरानी व्यवस्था को डिजिटल रूप
इस पूरे बदलाव में ई-मालखाना खास आकर्षण का केंद्र रहा। विभिन्न मामलों में पुलिस द्वारा जब्त किए जाने वाले सामान को अब डिजिटल रिकॉर्ड के साथ व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा।
मालखाने में रखी सामग्री की पहचान और मार्किंग की गई है तथा संबंधित जानकारी कंप्यूटर सॉफ्टवेयर में दर्ज की गई है। ऐसे में किसी पुराने प्रकरण की जब्त सामग्री तलाशने के लिए रिकॉर्ड खंगालने में लगने वाला समय कम होगा। विवेचना अथवा न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सामग्री को रिकॉर्ड के आधार पर खोजने में भी सहूलियत होगी।
एक क्लिक पर रिकॉर्ड, आसान होगा प्रबंधन
ई-मालखाने की व्यवस्था से जब्त सामग्री के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने, सुरक्षित संधारण और जरूरत पड़ने पर त्वरित खोज में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे मालखाना प्रबंधन के काम को डिजिटल स्वरूप मिलेगा और पुराने मामलों से संबंधित सामग्री की पहचान व उपलब्धता सुनिश्चित करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं सिटी कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।


Post a Comment