बांकीमोंगरा। छत्तीसगढ़ शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की पहल के तहत ‘शिक्षा दान रथ’ गुरुवार को बांकीमोंगरा मुख्य चौक पहुंचा। अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने जरूरतमंद बच्चों के लिए अपनी ओर से कॉपी एवं पेन दान किए।
‘शिक्षा दान रथ’ के माध्यम से पुस्तक, कॉपी, स्कूल बैग, पेन सहित विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक सामग्री एकत्रित की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई में आवश्यक सहयोग मिल सके। अभियान का उद्देश्य समाज के सक्षम लोगों को इस पहल से जोड़ना और बच्चों की शिक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
‘शिक्षा दान’ बच्चों के सपनों को मजबूत करने की पहल : सोनी विकास झा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई केवल आवश्यक शैक्षणिक सामग्री के अभाव में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा दान महज कॉपी-पेन या अन्य सामग्री देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सपनों और उनके भविष्य को संवारने में योगदान देने का माध्यम है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिल रहा है।
पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की।
शिक्षक-शिक्षिकाओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर बांकीमोंगरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय आजाद, मां सिद्धिदात्री सेवा समिति बांकीमोंगरा के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, प्रकाश झा, नकुल पटेल, देव राजपूत सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कटघोरा-बांकीमोंगरा एवं आसपास के क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि सामूहिक सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है और उनके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत की जा सकती है।



Post a Comment