Top News

कोरबा में महिला ने की आत्महत्या, मौत से पहले वीडियो और दीवार पर संदेश ने बढ़ाया मामला का रहस्य

 पारिवारिक विवाद के बीच उठाया खौफनाक कदम, वीडियो में महिला ने बहू को बताया जिम्मेदार; पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक महिला की आत्महत्या के बाद मामला कई सवालों में घिर गया है। मौत से पहले बनाए गए कथित वीडियो और घर की दीवार पर मिले लिखित संदेश ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बना दिया है। महिला ने वीडियो में अपने पारिवारिक विवाद और मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए अपनी बहू को जिम्मेदार ठहराया है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मणबंध क्षेत्र में रहती थीं।

मौत से पहले बहनों को भेजा वीडियो

जानकारी के मुताबिक, 27 अगस्त को लक्ष्मी ने आत्महत्या कर ली। इससे पहले उन्होंने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाया था, जिसे अपनी बहनों को भेजा गया। वीडियो में वह कथित तौर पर कह रही हैं कि वह बेइज्जत होकर नहीं जी सकतीं और अपनी मौत के लिए बहू पूर्णिमा महंत को जिम्मेदार बता रही हैं।

इसके अलावा कमरे की दीवार पर भी हाथ से लिखा एक संदेश मिला है। पुलिस अब इस लिखावट की वास्तविकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की मदद लेने की तैयारी कर रही है।


दूसरी शादी के बाद बढ़ा था पारिवारिक तनाव?

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी के पहले पति की कोरोना काल में मृत्यु हो गई थी। पहली शादी से उनके दो बच्चे हैं। इसके बाद उन्होंने 13 जून 2025 को कार्तिक दास से दूसरी शादी की थी।

बताया जा रहा है कि कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करते हैं और उनकी पहली पत्नी से भी दो बच्चे हैं। वहीं लक्ष्मी और उनके परिवार के बीच पिछले कुछ समय से विवाद की बात सामने आ रही है।

परिजनों का कहना है कि लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था। घटना से कुछ समय पहले घर में पति, बहू और बच्चों के बीच भी विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान हुई कथित कहासुनी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

वीडियो में बच्चों की मौजूदगी का भी जिक्र

सामने आए वीडियो में महिला के परिवार के सदस्यों के बीच विवाद के दौरान आत्महत्या की बात कहे जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं बच्चों को कमरे से बाहर जाने के लिए कहे जाने की बात भी वीडियो में सुनाई देती है।

हालांकि, वीडियो की परिस्थितियां, उसकी पूरी रिकॉर्डिंग और उसमें लगाए गए आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले लिखित संदेश, मोबाइल वीडियो और अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया है।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मामले में घटनास्थल से मिले लिखित संदेश की पुष्टि के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की सहायता ली जाएगी। इसके साथ ही घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। महिला की मौत के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और वीडियो व लिखित संदेश में लगाए गए आरोप कितने सही हैं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume