घुड़देवा 3/4 खदान में घुसकर मारपीट और केबल चोरी का मामला, 3 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
कोरबा/बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा पुलिस ने खदान क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती के मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में 40 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
मामला घुड़देवा 3/4 इंक्लाइन खदान का है। पुलिस के अनुसार 14 सितंबर 2026 को प्रार्थी अरविंद कुमार कुर्मी ने थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे 10-15 अज्ञात लोग खदान में जबरन घुसे। आरोपियों ने सुरक्षा गार्डों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हथियारनुमा वस्तुओं से हमला किया।
इसके बाद आरोपी सुरक्षाछार नंबर-04 इंक्लाइन खदान में घुस गए और चालू लाइन के करीब 30-40 मीटर कॉपर केबल को काटकर चोरी कर ले गए। चोरी गए केबल की कीमत करीब 50 से 55 हजार रुपये बताई गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 179/2026, धारा 331(4), 296, 351(3), 115(2), 310(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया मास्टरमाइंड का नाम
विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। मामले में शामिल 3 बालिग आरोपियों को जेल भेजा गया, जबकि 7 नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी के रूप में धरम सिंह राजपूत, पिता मंगल सिंह राजपूत, उम्र करीब 40 वर्ष, निवासी सुराकछार की पहचान की। पुलिस के अनुसार धरम सिंह द्वारा वारदात में केबल काटने के हथियार का इस्तेमाल किया गया था। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
खदान और ग्रामीण क्षेत्रों में डकैती गिरोह पर पुलिस की नजर
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी खदान एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में 40 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से बांकीमोंगरा क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि खदान क्षेत्रों में चोरी और डकैती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Post a Comment