बांकीमोंगरा। शिक्षक दिवस के अवसर पर ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांकीमोंगरा में सम्मान, संस्कार और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के तौर पर विकास झा, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ एवं कृष्ण कुमार चन्द्रा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय संस्था अध्यक्ष डॉ. जे.पी. चन्द्रा ने की। कार्यक्रम में सचिव डी.के. अग्रवाल, उपाध्यक्ष दादू राम चन्द्रा, प्राचार्य छतराय चन्द्रा, वरिष्ठ शिक्षक दिवाकर नाहक, अतिथि प्रकाश झा, देव राजपूत, नकुल पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
परेड से हुआ अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भव्य परेड से हुई। इसके बाद मां सरस्वती एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए।
विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं उपहार भेंटकर सम्मान किया। वहीं विद्यार्थियों ने भी अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी : सोनी विकास झा
मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले मार्गदर्शक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को गढ़ने वाले महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और संस्कार के साथ आगे बढ़कर विद्यार्थी अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते है।
मेहनत और सकारात्मक सोच से मिलेगी सफलता : विकास झा
विशिष्ट अतिथि विकास झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और निरंतर मेहनत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गुरु का सम्मान ही शिक्षा की असली पहचान
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. जे.पी. चन्द्रा ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के समर्पण की सराहना करते हुए सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। गुरुजनों के सम्मान और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।








Post a Comment