कोरबा। कटघोरा बाईपास पर खड़े टैंकर से डीजल चोरी करने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब टैंकर चालक ने बदमाशों की गतिविधि भांप ली। करीब 6 से 7 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे और टैंकर से डीजल निकालने की तैयारी में थे। ड्राइवर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे धमकाने की कोशिश की, लेकिन चालक पीछे नहीं हटा।
घटना 2 सितंबर की सुबह की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कटघोरा बाईपास पर सड़क किनारे कई ट्रेलर खड़े थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो में सवार बदमाश वहां पहुंचे और एक ट्रेलर से डीजल निकालने लगे। इसी बीच ट्रेलर चालक की नजर उन पर पड़ गई।
ड्राइवर ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उसे धमकाया गया, लेकिन चालक ने हिम्मत दिखाते हुए अपना ट्रेलर स्टार्ट कर दिया और बदमाशों की स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बदमाश मौके से भाग निकले।
CCTV में कैद हुई बदमाशों की हरकत
घटना के बाद पास के पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सामने आई है। फुटेज में स्कॉर्पियो से संदिग्ध लोगों के पहुंचने और ट्रेलरों के आसपास घूमने की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब इसी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
स्कॉर्पियो और डीजल से भरा कंटेनर जब्त
घटना की सूचना ट्रेलर चालक ने डायल 112 को दी। इसके बाद कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से डीजल से जुड़ा कंटेनर भी बरामद किया है।
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक वाहन जब्त कर लिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
पहले भी डीजल चोरी का शक
घटना के बाद ट्रक और ट्रेलर चालकों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कटघोरा बाईपास पर पहले भी डीजल चोरी की घटनाओं की चर्चा रही है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों की वास्तविक संख्या और उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।



Post a Comment