Top News

आस्था, गरबा और सम्मान के रंगों से सजा बांकीमोंगरा, पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने दुर्गा पंडालों में टेका मत्था

 कटाईनार से जंगल साइड, चौपाटी और गजरा तक पहुंचीं पालिका अध्यक्ष, गरबा महोत्सव में प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

बांकीमोंगरा। शारदीय नवरात्रि के उल्लास के बीच बांकीमोंगरा में भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने रविवार को क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और गरबा महोत्सवों में शामिल होकर आयोजन समितियों तथा प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

पालिका अध्यक्ष की इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा की शुरुआत कटाईनार से हुई, जहां उन्होंने मां नवदुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे जंगल साइड स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचीं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया।

चौपाटी के गरबा महोत्सव में आयोजन समिति का बढ़ाया उत्साह

दुर्गा पंडालों में दर्शन के बाद श्रीमती सोनी विकास झा चौपाटी में आयोजित गरबा महोत्सव 2.0 में शामिल हुईं। यहां आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। पालिका अध्यक्ष ने गरबा महोत्सव की सराहना करते हुए आयोजन को धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताया। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

गजरा में मां के दरबार में हाजिरी, गरबा प्रतिभागियों का सम्मान

इसके पश्चात पालिका अध्यक्ष गजरा पहुंचीं, जहां उन्होंने मां नवदुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद गजरा दशहरा मैदान में आयोजित गरबा महोत्सव में भाग लिया। यहां गरबा में उत्साहपूर्वक शामिल हुए बच्चों एवं महिलाओं का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) सहित अन्य माध्यमों से सम्मानित भी किया गया।


नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों की भागीदारी ने उत्सव की रौनक बढ़ाई। विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों और गरबा महोत्सवों में पालिका अध्यक्ष श्रीमती झा सहित अन्य अतिथियों का आयोजन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों की रही मौजूदगी


इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के साथ विकास झा, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़, बांकीमोंगरा भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, पार्षद एवं पीआईसी सदस्य श्रीमती प्रमिला सायतोड़े, कटाईनार में पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा, पार्षद श्रीमती रंभा हेम सिंह कंवर, जंगल साइड में पार्षद राजकुमार मिश्रा और एल्डरमैन जितेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।


वहीं चौपाटी में पार्षद एवं पीआईसी सदस्य प्रमोद सोना, समिति के पदाधिकारी देव राजपूत, नकूल पटेल, बीर बहादुर केसरी सहित मंडल कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सूरज मिश्रा, निखिल सिगोटिया, प्रकाश झा एवं अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रमों में शामिल हुए।


नवरात्रि के इन आयोजनों ने बांकीमोंगरा में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती देने का संदेश दिया। मां दुर्गा की आराधना से लेकर गरबा और डांडिया की उमंग तक, पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume