दो संदिग्ध हिरासत में, घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम; कांग्रेस नेता कुणाल आजाद के परिवार ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
बांकी मोंगरा। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा में बीती रात कथित गैंगवार जैसी घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शिकायत के अनुसार, 40 से अधिक युवक एक घर पहुंचे और वहां हमला कर दिया। मामले की शिकायत बांकी मोंगरा थाने में दर्ज कराई गई है। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्री सीएसपी विमल पाठक बांकी मोंगरा थाना पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची, जहां साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों की तलाश की जा रही है।
बताया गया है कि शिकायतकर्ता पक्ष से जुड़े कुणाल आजाद कांग्रेस से जुड़े युवा नेता हैं, जबकि उनके पिता संजय आजाद वर्तमान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बांकी मोंगरा के अध्यक्ष हैं।
शिकायत दर्ज कराने के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश परसाई, पूर्व एल्डरमैन परमानंद सिंह, पार्षद पति पवन गुप्ता, पार्षद नवीन कुकरेजा, मोहन लदेर, सांसद प्रतिनिधि तथा महिला कांग्रेस की पूजा महंत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह, हमले में शामिल लोगों की पहचान और अन्य तथ्यों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Post a Comment