Top News

भक्ति, संस्कृति और उल्लास के रंगों से सजा अपराजिता बंग दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन


21वें वर्ष में पहुंचा नेहरू नगर कुसमुंडा का दुर्गोत्सव, धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक हर कार्यक्रम ने मोहा मन

कुसमुंडा। आस्था की सुगंध, भक्ति का उल्लास और बंगीय संस्कृति की मनमोहक छटा के बीच नेहरू नगर कुसमुंडा में अपराजिता बंग दुर्गा पूजा समिति का 21वां दुर्गोत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। जगत जननी मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा की स्थापना, विधि-विधान से पूजा-अर्चना और विविध सांस्कृतिक आयोजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नगरवासियों की सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।


समिति के इस विशेष आयोजन को सफल बनाने में एसईसीएल के महाप्रबंधक श्री सचिन तानाजी पाटिल एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती उज्ज्वला पाटिल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। इसके साथ ही श्री अरविंद कुमार राय एवं श्रीमती सुजाता राय, श्री थिरु कुमार एवं श्रीमती वृंदा तथा श्री वेणुगोपाल त्रिवेदी एवं श्रीमती अंशु त्रिवेदी की उपस्थिति और सहभागिता ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभाओं को मिला मंच

दुर्गोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ कला, मनोरंजन और प्रतिभा प्रदर्शन का भी अनूठा संगम देखने को मिला। नृत्य प्रतियोगिता, शंख ध्वनि प्रतियोगिता, प्रश्न मंच, अंताक्षरी, चित्रकला, मोमबत्ती जलाओ प्रतियोगिता और आरती नृत्य जैसी गतिविधियों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं जस गीत की प्रस्तुति और गोगा जादूगर के कार्यक्रम ने दर्शकों को आकर्षित किया।


इन आयोजनों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और अन्य प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। समिति की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ।

भोग-प्रसाद वितरण से सेवा और समर्पण का संदेश

दुर्गोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए, पूजा-अर्चना में भाग लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाया। धार्मिक आस्था के साथ सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना ने आयोजन को विशेष स्वरूप प्रदान किया।

सामूहिक प्रयास से सफल हुआ 21वां दुर्गोत्सव

समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और मातृशक्ति के समर्पण, मेहनत एवं सुनियोजित प्रयासों से पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सामूहिक सहयोग और सांस्कृतिक एकजुटता से धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखा जा सकता है।

अंत में अपराजिता बंग दुर्गा पूजा समिति ने आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी नगरवासियों, श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। 21वें वर्ष का यह दुर्गोत्सव भक्ति, संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द की यादें छोड़ गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume