कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार में चर्च के अंदर हुए विवाद के बाद माहौल गरमा गया। महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी और एक युवक के साथ मारपीट के आरोपों को लेकर मसीही समुदाय के लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कोरबा-रजगामार मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, रजगामार स्थित चर्च में कुछ लोगों के पहुंचने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोग चर्च के अंदर पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना में एक युवक की पिटाई किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
युवक की पिटाई से भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरा समुदाय
घटना की जानकारी फैलते ही मसीही समुदाय के लोगों में नाराजगी बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर सड़क पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कोरबा-रजगामार मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस की समझाइश के बाद समाप्त हुआ चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। महिलाओं के साथ हुज्जतबाजी और युवक के साथ मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पहले भी धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर हुआ था विवाद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी रजगामार क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर विवाद सामने आया था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। अब चर्च में हुए ताजा विवाद और चक्काजाम की घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।




Post a Comment