Top News

बांकीमोंगरा में विकास को मिली रफ्तार, कटाईनार के दो वार्डों में सड़क निर्माण का शुभारंभ



विधायक प्रेमचंद पटेल और पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने किया भूमिपूजन, अन्य वार्डों की जर्जर सड़कों को भी चरणबद्ध तरीके से सुधारने की तैयारी

कोरबा/बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत हो गई है। लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या झेल रहे नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से कटाईनार के वार्ड क्रमांक 13 और 14 में डामरीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की।


कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, पार्षद अश्वनी मिश्रा, पार्षद श्रीमती रम्भा हेम सिंह कंवर, एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा और भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दो वार्डों से शुरुआत, दूसरे क्षेत्रों को भी मिलेगी प्राथमिकता

नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। इससे आम नागरिकों, वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिलहाल कटाईनार के वार्ड 13 एवं 14 में डामरीकरण कराया जाएगा। इसके बाद जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर दूसरे वार्डों की जर्जर सड़कों को भी दुरुस्त करने की योजना है।


विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता है। सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का पालन करने पर जोर दिया।

टिकाऊ सड़क निर्माण पर पालिका अध्यक्ष का जोर

नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने कहा कि बांकीमोंगरा को बेहतर सुविधाओं वाला नगर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन वार्डों में सड़कें खराब हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण और मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। कटाईनार से शुरू हुआ यह अभियान आगे अन्य वार्डों तक भी पहुंचेगा। उन्होंने नगर में स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताई।


निर्माण के बाद सड़क की सुरक्षा की अपील

पूर्व भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा ने कहा कि विकास कार्यों को सफल बनाने में नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने वार्डवासियों से निर्माण एजेंसी और कर्मचारियों को सहयोग देने की अपील की। साथ ही सड़क निर्माण पूरा होने के बाद शुरुआती दिनों में पानी का बहाव और अनावश्यक पानी डालने से बचने का आग्रह किया, ताकि सड़क की मजबूती और गुणवत्ता प्रभावित न हो।

पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कहा कि वार्डवासियों की ओर से लंबे समय से सड़क डामरीकरण की मांग की जा रही थी। भूमिपूजन के साथ कार्य शुरू होना क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। उन्होंने वार्ड की अन्य समस्याओं को भी नगर पालिका के समक्ष उठाते रहने की बात कही।


राज्य स्थापना दिवस से पहले स्थापित होगी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि आगामी 1 नवंबर 2027 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस से पहले नगर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस को भव्य और गरिमामय स्वरूप में मनाने की भी तैयारी की जाएगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume