रोजाना सैकड़ों लोग करते हैं उपयोग, छत से गिर रहे मलबे के टुकड़े, शराबियों का बना अड्डा।
बाँकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा की कथित लापरवाही के कारण मुख्य बाजार स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय आज पूरी तरह जर्जर हालत में पहुंच चुका है। भवन की छत से आए दिन प्लास्टर और कंक्रीट के टुकड़े गिर रहे हैं, जिससे यहां आने वाले लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
यह सुलभ शौचालय आसपास के दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं, ग्राहकों और मुख्य बाजार में आने वाले सैकड़ों लोगों की दैनिक आवश्यकता का प्रमुख केंद्र है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं, लेकिन इसकी बदहाल स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय यह परिसर शराबियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाता है। इससे महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। गंदगी, दुर्गंध और अव्यवस्था के कारण यह सार्वजनिक सुविधा अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
व्यापारियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। न भवन की मरम्मत हुई और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए। लगातार गिर रहे मलबे से कभी भी किसी की जान जा सकती है।
यदि समय रहते नगर पालिका ने इस जर्जर भवन की मरम्मत या नया निर्माण नहीं कराया, तो किसी भी संभावित दुर्घटना की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी।
जनता के सवाल
आखिर नगर पालिका कब जागेगी?
क्या किसी की जान जाने के बाद ही कार्रवाई होगी?
करोड़ों के विकास कार्यों के दावों के बीच सार्वजनिक सुविधाओं की ऐसी दुर्दशा क्यों?
क्या नगर पालिका किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है?



Post a Comment