Top News

बांकी मोगरा – नागिन भाटा में अवैध रेत खनन पर माइनिंग का शिकंजा, ट्रैक्टर जब्त...।

बांकीमोंगरा/कोरबा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के नागिन भाटा में माइनिंग विभाग की टीम ने औचक दबिश देकर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद वाहन को जब्त कर बांकीमोंगरा थाना के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं और अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

अवैध रेत परिवहन करते ट्रैक्टर पर कार्रवाई

खनिज विभाग की जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 12 B 6036 को बिना वैध अनुमति के रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक नवल सिंह (कटाईनार बस्ती निवासी) तथा वाहन स्वामी हरि सिंह (कटाईनार निवासी) बताए गए हैं। विभाग ने नियमानुसार वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

ओवरलोड गिट्टी परिवहन पर भी चला डंडा

रेत के साथ-साथ विभाग ने ओवरलोड गिट्टी परिवहन पर भी कार्रवाई की।

वाहन क्रमांक CG 30 4018 (स्वामी – संजय यादव) के विरुद्ध परिवहन नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया।

वहीं वाहन क्रमांक CG 30 8112 को निर्धारित क्षमता से अधिक गिट्टी परिवहन करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

सभी जब्त वाहनों को आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बांकीमोंगरा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

•

कार्रवाई सराहनीय, लेकिन कई क्षेत्रों में अब भी         धड़ल्ले से चल रहा अवैध कारोबार

नागिन भाटा में हुई कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है, लेकिन सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्षेत्र के कई नदी घाटों में आज भी अवैध रेत उत्खनन का खेल बेखौफ जारी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार तेलसरा, जमनीमुड़ा, पुरेना और कुमगरी नदी क्षेत्रों से प्रतिदिन ट्रैक्टरों के माध्यम से बड़ी मात्रा में अवैध रेत निकाली जा रही है। बताया जाता है कि ये इलाके खनिज विभाग की नियमित निगरानी से दूर होने के कारण रेत माफियाओं के लिए सुरक्षित ठिकाना बने हुए हैं।

राजस्व को नुकसान, पर्यावरण पर भी खतरा

अवैध रेत खनन से शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं नदियों का प्राकृतिक स्वरूप भी तेजी से बिगड़ रहा है। लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से नदी तटों का कटाव बढ़ रहा है, भू-जल स्तर प्रभावित हो रहा है और पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीणों की मांग – पूरे क्षेत्र में चले अभियान

स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि खनिज विभाग केवल एक-दो स्थानों तक कार्रवाई सीमित न रखे, बल्कि तेलसरा, जमनीमुड़ा, पुरेना और कुमगरी सहित सभी संवेदनशील नदी घाटों पर लगातार औचक निरीक्षण कर रेत माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे। उनका कहना है कि जब तक पूरे क्षेत्र में नियमित अभियान नहीं चलाया जाएगा, तब तक अवैध रेत खनन पर प्रभावी रोक लगाना संभव नहीं होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume