बांकीमोंगरा (कोरबा), 08 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत दिनांक 08 जुलाई 2026 को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी/अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, बांकीमोंगरा में अध्ययनरत कक्षा नवमी की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य एस. डिंडोरे के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा थीं तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष अजिय कैवर्त ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद लोकनाथ सिंह तंवर, विधायक प्रतिनिधि जनक राम यादव, हनुमान पाण्डेय एवं उदय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी कुमारी झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य शासन की सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी तथा शिक्षा के प्रति उनका आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ेगा।
अध्यक्षीय उद्बोधन में अजीत कैवर्त ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। शासन द्वारा प्रदत्त यह सुविधा छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, परिश्रम एवं लगन के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय एवं समाज का नाम गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
प्राचार्य एस. डिंडोरे ने अपने संबोधन में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने शासन एवं विद्यालय परिवार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए नियमित अध्ययन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी/अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, बांकीमोंगरा के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दोनों माध्यमों के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Post a Comment