Top News

कोरबा ESIC अस्पताल के युवा डॉक्टर की मौत से सनसनी, शादी की तैयारियों के बीच उठाया खौफनाक कदम


 कोरबा। मामला है छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित ESIC अस्पताल का, जहां पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे की मौत ने अस्पताल परिसर समेत पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। डॉक्टर का शव शनिवार को अस्पताल परिसर में स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में मिला। सूचना के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर शनिवार सुबह अस्पताल में ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। स्टाफ द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे, जहां अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया। इसके बाद बाथरूम में डॉक्टर मृत अवस्था में मिले।


प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। डॉक्टर के हाथ पर चोट के निशान भी पाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस की शुरुआती जांच में डॉक्टर के निजी जीवन से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनका कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों की शादी को लेकर परिवार भी सहमत बताए जा रहे थे।


जानकारी के अनुसार, डॉक्टर 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे और वहां युवती के परिजनों से मुलाकात की थी। अगले दिन पालक्काड स्थित एक चर्च में शादी के लिए आवेदन दिए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और संबंधों में खटास आ गई।

कोरबा लौटने के बाद डॉक्टर के गुमसुम रहने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम को भी जांच का हिस्सा बनाकर देख रही है।

माता-पिता को बुलाया, लेकिन मिली बेटे की मौत की खबर

घटना से कुछ दिन पहले डॉक्टर ने अपने माता-पिता से फोन पर बातचीत की थी और तबीयत खराब होने की बात कहते हुए उन्हें कोरबा बुलाया था। शनिवार को जब माता-पिता कोरबा पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डॉक्टर की मौत के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद था या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ डॉक्टर के संपर्कों व घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume