कोरबा/बांकी मोंगरा। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना से रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही मौसी पर लाठी से हमला कर उसकी जान ले ली।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीरथ राम शाम के वक्त घूम-फिरकर अपने घर पहुंचा था। देर से घर आने और बेवजह घूमने को लेकर उसकी मौसी ने उसे फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि मौसी की डांट युवक को इतनी नागवार गुजरी कि उसने घर में रखी लाठी उठाकर मौसी के सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ी। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हमले की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Post a Comment