Top News

आकाशीय बिजली ने बुझाया सोनकुंवर के घर का चिराग, 35 वर्षीय महिला की मौत

 जवाली में दोपहर 12 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, चार बैलों की भी गई जान; कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


चाकाबुड़ा। ग्राम जवाली
में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इसकी चपेट में आने से 35 वर्षीय सोनकुंवर, पति होरीलाल गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।



जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर अचानक मौसम बिगड़ने के बीच ग्राम जवाली में आकाशीय बिजली गिरी। इसी दौरान सोनकुंवर इसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल महिला को उपचार के लिए कटघोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

एक ही हादसे में चार बैलों की भी मौत


आकाशीय बिजली गिरने की इसी घटना में चार बैलों की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी।

सोनकुंवर की अचानक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं घटना के बाद पूरे जवाली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume