विश्वकर्मा जयंती पर क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात, CSPDCL ने बांकीमोंगरा जोन के गठन को दी मंजूरी
बांकीमोंगरा। लंबे समय से बिजली संबंधी कामों के लिए दर्री जोन कार्यालय पर निर्भर बांकीमोंगरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने बांकीमोंगरा में नया बिजली जोन गठित करने का निर्णय लिया है। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर सामने आई इस खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
CSPDCL के संचालक मंडल की 142वीं बैठक में 13 अगस्त 2026 को पारित संकल्प के आधार पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 12 नए जोन और 2 नए वितरण केंद्रों के गठन का निर्णय लिया गया है। जारी आदेश में बांकीमोंगरा को नए जोन के रूप में शामिल किया गया है।
दर्री कार्यालय जाने की परेशानी होगी कम
नए जोन के अस्तित्व में आने के बाद बांकीमोंगरा और आसपास के बिजली उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यों के लिए दर्री स्थित जोन कार्यालय जाने से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। बिजली बिल से जुड़े काम, विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतें, तकनीकी समस्याओं की जानकारी तथा अन्य विभागीय कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इससे न केवल लोगों का आने-जाने का समय बचेगा, बल्कि बिजली संबंधी शिकायतों और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया भी स्थानीय स्तर पर आसान होने की उम्मीद है।
आदेश में 12 नए जोन, बांकीमोंगरा भी शामिल
CSPDCL के आदेश के अनुसार प्रदेश में मंगला, कोनी, सरोना, कौशल्या माता विहार, गोगांव, डोंगरगढ़, बांकीमोंगरा, बालोद, बेमेतरा, कांकेर, जशपुर और पेण्ड्रारोड में नए जोन बनाए जाएंगे। वहीं लोरमी (ग्रामीण) और जेवरा-सिरसा में नए वितरण केंद्र गठित किए जाएंगे।
आदेश में बांकीमोंगरा जोन को कोरबा वृत्त एवं नगर संभाग कोरबा के अंतर्गत दर्शाया गया है, जबकि वर्तमान व्यवस्था में संबंधित क्षेत्र दर्री जोन के अंतर्गत है।
स्थानीय स्तर पर बिजली सेवाओं को मिलेगा नया केंद्र
बांकीमोंगरा में स्वतंत्र जोन बनने से क्षेत्र में बिजली विभाग की प्रशासनिक एवं उपभोक्ता सेवाओं का दायरा स्थानीय स्तर पर बढ़ेगा। लंबे समय से स्थानीय स्तर पर बिजली विभाग का जोन कार्यालय होने की जरूरत महसूस कर रहे लोगों के लिए यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगरवासियों ने इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नया जोन बनने से बिजली संबंधी छोटे-बड़े कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी।
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने भी इस पहल को क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उनके प्रयास और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के प्रयास से नगरवासियों के सहयोग से मिली इस सौगात को क्षेत्र में बिजली सेवाओं को स्थानीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


Post a Comment