Top News

बांकीमोंगरा की बिजली व्यवस्था को मिला ‘पावर बूस्ट’, 3 MVA की जगह अब 5 MVA ट्रांसफार्मर

 बढ़ते विद्युत लोड के बीच क्षमता बढ़ाने की कवायद, नगरवासियों को बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से राहत की उम्मीद

बांकीमोंगरा।


बढ़ते विद्युत लोड और बार-बार सामने आ रही बिजली संबंधी दिक्कतों के बीच बांकीमोंगरा क्षेत्र को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बांकीमोंगरा सब स्टेशन में 3 MVA क्षमता वाले पुराने ट्रांसफार्मर को हटाकर 5 MVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है। क्षमता में इस बढ़ोतरी से सब स्टेशन पर पड़ने वाले अतिरिक्त विद्युत भार को कम करने और आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

दरअसल, क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे विद्युत लोड के चलते 3 MVA क्षमता का ट्रांसफार्मर अपेक्षाकृत अधिक दबाव में काम कर रहा था। इसका असर कई बार बिजली आपूर्ति पर भी देखने को मिलता था। स्थानीय स्तर पर बिजली से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के समक्ष सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने का मुद्दा रखा था।

इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब 3 MVA के स्थान पर 5 MVA का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है।

सुबह से शाम तक चला तकनीकी काम

नए ट्रांसफार्मर को स्थापित करने और आवश्यक तकनीकी कार्य के चलते करीब सुबह 11 बजे से शाम 6-7 बजे तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को पहले ही बिजली बंद रहने की सूचना दी गई थी।

ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया के दौरान भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास झा भी सब स्टेशन पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों-कर्मचारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

मेहनत के लिए विद्युत विभाग की टीम को दिया धन्यवाद


कार्य पूरा होने के बाद विकास झा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाया जाना महत्वपूर्ण कदम है। 5 MVA क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित होने से विद्युत लोड को संभालने में मदद मिलेगी और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।

लगातार उठाया जा रहा बिजली समस्या का मुद्दा

नगर पालिका क्षेत्र में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर अध्यक्ष सोनी विकास झा और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा विभागीय अधिकारियों के समक्ष लगातार समस्याएं रखे जाने की बात कही गई है। इसी क्रम में बांकीमोंगरा सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई थी।

अब नए ट्रांसफार्मर के चालू होने के बाद क्षेत्र में ओवरलोडिंग का दबाव कम होने, तकनीकी व्यवधानों में कमी आने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के बेहतर होने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर इसे बांकीमोंगरा की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume