कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बल्गी बस्ती से एक भाई-बहन के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत और अपहरण की आशंका के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता रमेश कर्ष घुड़देवा निवासी ने बताया कि उसके रिश्तेदार बड़े पिता के पुत्र रमेश कर्ष (38 वर्ष) और उसकी बहन रुक्मणी कर्ष (42 वर्ष) बल्गी बस्ती, आंगनबाड़ी के पास स्थित मकान में रहते थे। दोनों अक्सर उसके घर आना-जाना करते थे, लेकिन पिछले करीब 10-15 दिनों से रमेश घर नहीं आया था। 8 सितंबर 2026 को जब परिजन उसके घर पहुंचे तो दोनों वहां नहीं मिले।
परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों को करीब एक महीने से नहीं देखा गया है। इसके बाद उनकी तलाश रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शिकायत में रमेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने तथा पहले एसईसीएल की नौकरी से भी बर्खास्त किए जाने का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दोनों को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस से दोनों की तलाश कराने और मामले की जांच करने की मांग की गई।
एफआईआर के मुताबिक बांकीमोंगरा थाना, जिला कोरबा मे अपराध क्रमांक 0180 दर्ज की गई है। रिपोर्ट 14 सितंबर 2026 को शाम 5:46 बजे दर्ज की गई। मामले की जांच उप निरीक्षक निखिल देवांगन को सौंपी गई है। पुलिस ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है। धारा 140(3) बीएनएस अपहरण/व्यक्ति को गुप्त एवं गलत तरीके से बंधक बनाए रखने के इरादे से संबंधित प्रावधान है;
फिलहाल बांकी पुलिस अपराध दर्ज कर दोनों गुमशुदा की तलाश में जुटी है।


Post a Comment