Top News

कोरबा में लापता बच्ची की मौत से सनसनी, पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला शव

संवाददाता दीपक अग्रवाल की रिपोर्ट

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तीन दिन से लापता मासूम बच्ची का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव बरामद किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि बच्ची की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

राशन दुकान जाने के लिए घर से निकली थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है और रोजगार की तलाश में करीब चार महीने पहले कोरबा रजगामार आया था। परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में काम करता है। बच्ची के पिता ने बताया कि 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने अपनी बेटी को घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए भेजा था। इसके बाद बच्ची वापस नहीं लौटी।

काफी देर तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बावजूद जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने रजगामार चौकी में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डॉग स्क्वायड की भी ली गई मदद

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। तलाश अभियान में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों के दौरान बच्ची का पता नहीं चल सका।

गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया।

पिता ने कहा- बेटी के साथ क्या हुआ, समझ नहीं आ रहा

बच्ची के पिता ने बताया कि उनका परिवार रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे जिले से कोरबा आया था। परिवार की किसी से दुश्मनी होने की जानकारी भी उन्होंने नहीं दी। बेटी की मौत से परिवार सदमे में है। पिता का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बच्ची के साथ आखिर क्या हुआ।


पुलिस ने शुरू की हत्या के संदेह में जांच

सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल शुरुआती जांच में हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। बच्ची के साथ यौन हिंसा हुई थी या नहीं और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर हो सकेगी।

पुलिस आसपास के क्षेत्र में मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल बच्ची की मौत के पीछे की वजह और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume