Top News

शिकायतों का अंबार, हकीकत जानने बांकीमोंगरा सब स्टेशन पहुंचे डीई राजेश चौहान; स्टाफ, सीढ़ी और उपकरणों की कमी पर लिया संज्ञान

 


बांकीमोंगरा। क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों के बीच विद्युत विभाग के डीई राजेश चौहान स्वयं बांकीमोंगरा सब स्टेशन पहुंचे और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शनिवार को अधिकारियों के पहुंचते ही सब स्टेशन में अपनी समस्याएं लेकर बड़ी संख्या में उपभोक्ता भी पहुंच गए और बिजली विभाग की लापरवाही पर जमकर नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने डीई को बताया कि सब स्टेशन में केवल एक सीढ़ी उपलब्ध थी, जिसे दूसरे क्षेत्र में कार्य के लिए भेजा गया था। ऐसे में बिना सीढ़ी के विद्युत लाइन पर सुधार कार्य करना संभव नहीं होने से मरम्मत में देरी हुई। इस पर डीई राजेश चौहान ने दो दिनों के भीतर दो नई सीढ़ियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।



स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने वर्षों से चली आ रही तकनीकी खामियों का मुद्दा भी उठाया। बताया गया कि पहले अलग-अलग फीडरों के लिए एबी (AB) स्विच लगे थे, जो अब खराब हो चुके हैं। इसके कारण किसी एक क्षेत्र में मरम्मत करनी हो तो पूरे इलाके की बिजली बंद करनी पड़ती है। इस पर डीई ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर सब स्टेशन में नया एबी स्विच लगाया जाएगा, जिससे अलग-अलग फीडरों का संचालन आसान होगा और अनावश्यक बिजली कटौती से राहत मिलेगी।

सब स्टेशन में स्टाफ की भारी कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। लोगों ने बताया कि जहां कम से कम तीन नियमित सीएसईबी कर्मचारियों की आवश्यकता है, वहां केवल एक नियमित कर्मचारी पदस्थ है। वहीं आउटसोर्स (एफओसी) कर्मचारी बिना नियमित कर्मचारी की मौजूदगी के पोल पर चढ़कर काम करते हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला है। इस पर डीई ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द अतिरिक्त कर्मचारियों की पदस्थापना की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जर्जर ट्रांसफार्मरों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। डीई राजेश चौहान ने कहा कि सभी ट्रांसफार्मरों का शीघ्र सर्वे कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा, ताकि बार-बार आने वाली तकनीकी खराबियों को रोका जा सके।

अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा फोन नहीं उठाने की शिकायतों पर भी डीई ने नाराजगी जताई। उन्होंने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि यदि भविष्य में कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी फोन रिसीव नहीं करता है या लापरवाही बरतता है, तो उपभोक्ता सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का त्वरित समाधान कराने का आश्वासन दिया।

इसी दौरान गेवरा क्षेत्र से पहुंचे कई उपभोक्ताओं का गुस्सा भी फूट पड़ा। उन्होंने बताया कि दो दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है और भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगातार "अभी पहुंच रहे हैं" कहकर टालते रहे, लेकिन अब तक कोई सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ।


उपभोक्ताओं की नाराजगी सुनने के बाद डीई राजेश चौहान ने स्वीकार किया कि उन्हें मौके पर आकर जानकारी मिली है कि स्टाफ और संसाधनों की कमी के कारण समय पर कार्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दो दिनों के भीतर लंबित सुधार कार्य पूरे कर लिए जाएंगे तथा भविष्य में बांकीमोंगरा की बिजली व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post

राष्ट्र भास्कर न्यूज की ओर से स्वतंत्रता दिवस कि हार्दिक शुभकामनाएं

Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

अभिनंदन लिट्टी चोखा, चौपाटी बांकी मोगरा

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume