Top News

पत्नी को शराब से रोकना पड़ा भारी, विवाद के बाद पत्थर से हमला कर हत्या; डॉग स्क्वॉड ने खोला राज


कोरबा/पसान। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में 24 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी पति ने कथित तौर पर पत्नी पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना 23 सितंबर की है, ग्राम लेंगा के पास लोकहड़ा में सुखमनिया एक्का का शव खेत के समीप संदिग्ध हालत में मिला था। महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना के बाद पसान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मौके से मिला खून लगा पत्थर

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ फोरेंसिक और साइबर टीम की मदद ली। घटनास्थल से खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इलाका वनांचल और पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण पुलिस ने सुराग जुटाने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली। डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से गंध पकड़कर करीब आधा किलोमीटर दूर एक घर तक पुलिस को पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने वहां रहने वाले सहस राम (38) से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

शराब को लेकर अक्सर होता था विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी सहस राम और मृतका के घरों के बीच करीब 50 मीटर की दूरी थी। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसकी पत्नी शराब पीती थी और वह उसे कई बार शराब पीने से मना कर चुका था।

बताया गया कि 22 सितंबर की शाम आरोपी घर लौटा तो उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया कथित तौर पर शराब के नशे में थीं। इस बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने सुखमनिया को घर से बाहर जाने के लिए कहा।

घर से निकलने के बाद पीछा करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, सुखमनिया अपने चाचा के घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे गया। मुड़हीकुआं खेत के पास सुनसान स्थान पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सहस राम ने पत्थर से महिला के सिर पर हमला कर दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से चला गया। बाद में पुलिस ने जांच के दौरान उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


पुलिस जांच में डॉग स्क्वॉड की भूमिका और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को मामले में अहम माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume