कोरबा/बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में स्वीकृत BT सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं होने का मामला सामने आया है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और ठेकेदार का चयन किए जाने के बावजूद कार्यादेश जारी नहीं होने पर वार्ड क्रमांक 13 कटाईनार-1 के पार्षद एवं राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति अश्वनी कुमार मिश्रा ने नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।
पार्षद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर लंबित सड़क निर्माण कार्य के लिए चयनित ठेकेदार को नियमानुसार शीघ्र कार्यादेश जारी करने की मांग की है। उनके अनुसार, सड़क निर्माण के लिए करीब एक वर्ष पहले निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार का चयन भी किया जा चुका है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है।
अश्वनी मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत और लंबित विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाना जरूरी है। सड़क निर्माण से जुड़े कार्य सीधे तौर पर आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े होते हैं, इसलिए प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यादेश जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए चयनित ठेकेदार को जल्द कार्यादेश दिया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके और क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर कोरबा, नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष तथा अभियंता प्रभारी को भी दी गई है। पार्षद ने उम्मीद जताई है कि नगर पालिका प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए लंबित कार्य को जल्द गति देगा।



Post a Comment