Top News

24 घंटे से अधिक समय से अंधेरे में वार्ड 15 कुदरीपारा, विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से लोगों में भारी आक्रोश

 


बांकीमोंगरा। नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित कुदरीपारा में पिछले 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। शनिवार सुबह नगर के अधिकांश इलाकों में बिजली बहाल कर दी गई, लेकिन कुदरीपारा के सैकड़ों परिवार अब भी अंधेरे और भीषण परेशानी का सामना कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार विद्युत विभाग में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग के जिम्मेदार अधिकारी फोन तक उठाना उचित नहीं समझ रहे हैं, जबकि कर्मचारियों का कहना है कि विभाग में स्टाफ की भारी कमी है, इसलिए तत्काल सुधार कार्य संभव नहीं हो पा रहा।

भीषण बारिश और गर्मी में लगातार बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पेयजल संकट गहरा गया है, घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे चुके हैं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बुजुर्गों व मरीजों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो वे विद्युत विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों का आरोप है कि विभाग की कार्यप्रणाली पूरी तरह लापरवाह हो चुकी है और आम जनता की समस्याओं के प्रति कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई जा रही है।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब नगर के अन्य क्षेत्रों में बिजली बहाल की जा सकती है तो आखिर वार्ड 15 कुदरीपारा के लोगों को 24 घंटे से अधिक समय तक अंधेरे में रहने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है? क्या विद्युत विभाग किसी बड़े हादसे या जनआक्रोश का इंतजार कर रहा है? क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Rashtra Bhaskar News
Rashtra Bhaskar News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume