कोरबा। छत्तीसगढ़ के ऊर्जाधानी कोरबा से बीच सड़क पर सरेआम गुंडागर्दी और दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहाँ महज एक हॉर्न बजाने की बात पर कार सवार एक युवक इस कदर भड़क गया कि उसने बुलेरो चालक को गाड़ी से उतारकर बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर थप्पड़ और मुक्कों से पीट दिया। इस हंगामे के चलते सड़क पर करीब 15 मिनट तक लंबा जाम लगा रहा। किसी राहगीर ने इस पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
स्कूल छुट्टी के समय हुई वारदात, सहम गए बच्चे
यह पूरी घटना 6 जुलाई की दोपहर एसईसीएल निहारिका मेन रोड स्थित हेलीपैड हनुमान मंदिर के पास की है। वारदात के समय ठीक स्कूलों की छुट्टी का वक्त था, जिसके चलते बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और राहगीर वहाँ से गुजर रहे थे। आरोपी की इस कदर दबंगई और गाली-गलौज को देखकर मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति की बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई।
सिर्फ आगे निकलने के लिए बजाया था हॉर्न
पीड़ित चालक सोहेल अली, जो बुधवारी का निवासी है और सीएसईबी (CSEB) पावर प्लांट में वाहन चालक है, अपने काम से निहारिका की ओर जा रहा था। रास्ते में एक काले रंग की नेक्सॉन कार (CG12 BU 7704) काफी धीमी गति से चल रही थी। सोहेल ने आगे निकलने के लिए जैसे ही हॉर्न बजाया, कार चालक गुस्से से लाल-पीला हो गया। उसने बीच सड़क पर अपनी कार अड़ा दी और सोहेल को नीचे उतारकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
नशे की हालत में था SECL कर्मी का बेटा, कार जब्त
वायरल वीडियो के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सुजल सोनवानी (21 वर्ष), निवासी सुभाष ब्लॉक के रूप में हुई है, जो एक एसईसीएल (SECL) कर्मचारी का बेटा है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय आरोपी पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था।
पुलिस की कार्रवाई और जमानत
मानिकपुर चौकी पुलिस ने आरोपी सुजल सोनवानी के खिलाफ अपराध क्रमांक 603/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351, 115(2), 126 और धारा 170 BNSS के तहत मामला पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार किया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई नेक्सॉन कार को भी जब्त कर लिया गया है। हालांकि, कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आरोपी को जमानत मिल गई है।

Post a Comment